
जांजगीर चंपा। जिले में अवैध शराब पीने के बाद मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चार महीना पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी। अब फिर यही घटना दुहराई गई है। दरअसल, नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमोदा में शराब पीने से एक महिला व एक युवक सहित दो लोगों की मौत हो गई। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि दो लोगों ने जो शराब पी थी उसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम अमोदा में बाराद्वार निवासी किरण कुमार सूर्यवंशी 30 अपनी पत्नी को लेकर साले के घर रक्षाबंधन त्योहार मनाने आया था। गुरुवार की रात 8 बजे उसने गांव में ही एक व्यक्ति के घर से देसी शराब खरीदी और पड़ोस की महिला ललिता सूर्यवंशी 50 पति रथराम सूर्यवंशी के साथ शराब पी। शराब पीते ही दोनों की तबियत बिगडऩे लगी। दोनों के परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पीएम से स्पष्ट होगा कि शराब जहरीली थी या उसमे किसी ने कुछ मिलाया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों की मौत के मामले की विवेचना में जुटी है। अमोदा के सरपंच एसके लहमोर ने बताया कि देसी शराब की खरीदी गांव के ही एक व्यक्ति के घर से की गई थी। पुलिस जब उसके ठिकाने में गई तब वह घर से फरार हो गया था। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
तीन माह पहले भी इसी क्षेत्र में तीन की मौत
आपको बता दें कि इसी क्षेत्र के ग्राम रोगदा में 15 मई 2023 को जहरीली शराब पीने से सेना के जवान समेत तीन लोगों की मौत हुई थी। इस मामले में पुरानी रंजिश का बदला लेने शराब में जहर मिलाने की बात सामने आई थी। इस मामले में एक आरोपी अब भी जेल में है।अमोदा में रात को दो लोगों की संदिग्ध मौत हुई है। संभवत: दोनों ने शराब पी थी। मर्ग कायम कर परिजनों से बयान लिया जाएगा। फिर जांच में वास्तविक तथ्य सामने आएंगे उस हिसाब से जांच आगे बढ़ेगी।
























