नईदिल्ली, 0३ फरवरी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की राह को आसान बनाने के लिए एनडीए के सहयोगी दलों के नेता प्रचार कर रहे हैं। रविवार को तेलुगु देशम पार्टी के मुखिया एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शाहदरा में जनसभा कर भाजपा के लिए लोगों से वोट की अपील की। इस क्षेत्र में आंध्र प्रदेश के लोग काफी संख्या में रहते हैं। यही वजह रही कि नायडू ने जनसभा को तेलुगु में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत समय की मांग है। दिल्ली की खराब स्थिति के लिए आप सरकार जिम्मेदार है। नायडू ने कहा कि वह भाजपा का समर्थन करने के लिए दिल्ली आए हैं और उन्होंने विश्वास जताया कि तेलुगु समुदाय भाजपा के साथ खड़ा होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर हर वर्ग के लिए काम करते हैं। उन्होंने दिल्ली में मोदी के नेतृत्व में एक मजबूत और प्रगतिशील सरकार की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने दिल्ली में तेलुगु समुदाय से भाजपा को सहयोग करने का आग्रह करते हुए इस बात पर जोर किया भाजपा की जीत दिल्ली के लिए जरूरी है।