शिमला, १२ फरवरी । प्रदेश में हिमपात होने के बाद शीत लहर जारी है। शिमला शहर को छोडकर शेष सभी प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया है। प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मैदानी क्षेत्रों में लोगों को इसी तरह ठंड का सामना करना पड़ेगा।मौसम विभाग ने 16 फरवरी तक प्रदेश में सभी स्थानों पर मौसम के साफ बने रहने की संभावना जताई है। इससे प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति बनी हुई है।दोपहर तक धूप खिलने के फलस्वरूप ठंड से कुछ राहत मिल रही है, सूरज ढलते ही शीतलहर यथावत बनी हुई है। इस दौरान प्रदेश के निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धुंध और कोहरे की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश में पिछले सप्ताह हुई वर्षा और हिमपात ने ढाई महीने से चली आ रही सूखे की स्थिति को तोड़ा।अब ऐसा माना जा रहा है कि 17 फरवरी को मौसम के फिर से बदल सकता है और वर्षा और हिमपात हो सकता है। हाल ही में प्रदेश में 60.8 मिमी वर्षा हो चुकी है जो सामान्य से 86 फीसदी अधिक है और इस माह के दूसरे पखबाड़े में वर्षा होने की संभावना है।इधर, प्रदेश में मौसम साफ होने से शिमला शहर के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढौतरी हुई है। जबकि प्रदेश के अन्य शहरों का न्यूनतम तापमान एक और दो डिग्री सेल्सियस के पास ही दर्ज किया गया है। मैदानी क्षेत्रों में पड़ रहे कोहरे की वजह से ठंड बनी हुई है।मौसम विभाग ने 16 फरवरी तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस बीच ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।