
बिश्रामपुर। नगर के शिवनंदनपुर स्थित शासकीय शराब दुकान में एक बार फिर सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया और इस दौरान सुरक्षा गार्ड को भनक तक नहीं लगी। इस बार चोरो ने 35 हजार से अधिक की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इससे पूर्व 11 सितंबर को चोरों ने इसी शराब दुकान से चार लाख रुपये अधिक नगद रकम की चोरी की थी। इसका पुलिस आज तक सुराग नही लगा सकी है। आर्थिक अनियमितताओं को लेकर बिश्रामपुर के शिवनंदनपुर स्थित शासकीय कंपोजिट मदिरा दुकान सुर्खियों में है। रविवार की रात को मदिरा दुकान के सेल्समैन जयप्रकाश गुप्ता ने रात दस बजे दुकान बंद की थी। मदिरा दुकान में सुरक्षा गार्ड राजेश कुमार राम एवं करमचंद की रात्रि ड्यूटी लगाई गई थी। सुरक्षा गार्ड करमचंद रात में ड्यूटी में नहीं आया था। राजेश कुमार राम रात्रि कालीन ड्यूटी में था। इसी बीच देर रात को अज्ञात चोरों ने शराब दुकान के छत में लगी शीट को हटाकर दुकान के अंदर प्रवेश किया और शराब बिक्री के रखे 16650 रुपए नगदी समेत 12 बोतल, नौ पाव शराब एवं सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर ले गए और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड राजेश कुमार राम को भनक तक नहीं लगी। सोमवार को तड़के करीब चार बजे सुरक्षा गार्ड राजेश कुमार राय ने शराब दुकान में चोरी की सूचना सेल्समैन जयप्रकाश गुप्ता को दी। जयप्रकाश गुप्ता ने आबकारी उपरीक्षक प्रदीप वर्मा एवं बिश्रामपुर थाना प्रभारी को भी चोरी की सूचना से अवगत कराया। सेल्समेन समेत आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा एवं बिश्रामपुर थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि सुरक्षा गार्ड करमचंद रात में ड्यूटी ही नहीं आया था और राजेश कुमार राम ड्यूटी पर था। चोरों ने शराब दुकान के छत की शीट को हटाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस मामले में भी बिश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध धारा 457, 380 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि नगर के शिवनंदनपुर बस्ती में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड की कंपोजिट मदिरा दुकान संचालित है। शार्टेज को लेकर भी यह मदिरा दुकान सुर्खियों में भी है। यहां 11 सितंबर की रात चोरी की बड़ी घटना हुई थी। 12 सितंबर को सुबह दस बजे शासकीय शराब दुकान खोलने पहुंचे सेल्समेन रजनीश प्रसाद ने दुकान का शटर खोलने पर पाया था कि अज्ञात चोरों ने सोमवार की देर रात शराब दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है और चोर शराब दुकान में ताला तोड़कर चार लाख रुपये से अधिक रकम से भरी तिजोरी उठा कर ले गए है। इसकी सूचना बिश्रामपुर पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारियों को दी गई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला था कि चोरों ने चोरी करने से पूर्व शराब दुकान का बिजली कनेक्शन विच्छेद कर दिया था। इस कारण शराब दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा भी बंद हो गया था। सेल्समेन रजनीश प्रसाद के अनुसार 11 सितंबर को शराब की बिक्री चार लाख 36 हजार रुपये थी। इसमें से चार लाख 790 रुपये तिजोरी में था। चोर तिजोरी समेत चार लाख 709 रुपये एवं करीब 36 हजार रुपये लागत की शराब चोरी कर ले गए थे। बीते 11 सितंबर को शराब दुकान से हुई चार लाख रुपये से अधिक की चोरी के मामले में दो माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बिश्रामपुर पुलिस चोरी का सुराग लगा पाने में विफल रही है। पहले चोरी का सुराग नहीं मिला है और वही चोरों ने फिर इस शराब दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की मुसीबत बढ़ा दी है।





















