
कोरबा। कोरबा-कुसमुंडा फोरलेन मुख्य मार्ग के आधा-अधूरा बनने के कारण कोयलांचल वासियों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन इस मार्ग पर जाम की समस्या भी बनी रहती है और लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
जदयू नेता जुगनू खान ने इस ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए मार्ग निर्माण की गति को तेज कराने तथा इसे शीघे पूरा किये जाने की मांग की है ताकि कोयलांचलवासियों को इससे होने वाली समस्या से निजात मिल सके और सुगमतापूर्वक सुरक्षित आवागमन हो सके। ज्ञात रहे कोयलांचल वासियों को सामानों की खरीदी, उपचार तथा जरूरी काम के लिए जिला मुख्यालय कोरबा आने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करना पड़ता है। कई बार वे मार्ग पर जाम में फंस जाते हैं और समय पर नहीं पहुंचने के कारण उनका काम भी अधूरा रह जाता है। ड्यूटी जाने वाले भी जाम की वजह से कार्यस्थल पर नहीं पहुंच पाते। कोरबा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग को फोरलेने में तब्दील किया जा रहा है। फोरलेन सडक़ निर्माण की गति इतनी धीमी है कि कार्य शुरू हुए 4-5 साल बीतने को है। लेकिन इसे पूरा नहीं किया जा सका है। ठेकेदार द्वारा कई जगहों पर मार्ग निर्माण को अधूरा छोड़ दिया गया है जिसकी वजह से आए दिन यहां जाम की स्थिति निर्मित हो रहे हैं जिसमें भारी वाहनों के साथ-साथ छोटे वाहन भी फंस जाते हैं और लंबी कतार लग जाती है।