शुरू हुई एटीएम की सुविधा, किसानों को मिलेगी राहत

जांजगीर – चांपा । जिला मुख्यालय जांजगीर के जिला सहकारी बैंक में मंगलवार को एटीएम की सुविधाशुरू हो गई। इसके कारण रकम निकालने के लिए आने वाले किसानों को अब परेशानियों का सामना करना नहीं पड़ेगा । लंबी लाइन लगाने के साथ ही अपनी बारी आने के लिए घंटो इंतजार करना नहीं पड़ेगा। दस माह पहले से यहां एटीएम लगाने के लिए कमरा तैयार कर लिया गया था और मशीन भी आ गया था। मगर उसे शुरू करने के तरफ बैंक के उच्चाधिकारियों के द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा था। लंबे इंतजार के बाद अब सुविधा शुरू हो पाई है। जिला सहकारी बैंक जांजगीर शाखा में लेन – देन करने वाले किसानों को बैंक शाखा का चक्कर लगाना पड़ता था और रकम निकालने के लिए लाइन में लगकर घंटों पसीना बहाना पड़ता था। सहकारी बैंकों में किसानों की यह भीड़ तब और बढ़ जाती है जब धान खरीदी का वक्त आता है या फिर किसी योजना के तहत किसानों के खाते में पैसे डाले जाते हैं तब तो स्थिति यह रहती है कि बैंकों में पैर रखने जगह नहीं होती है। वर्तमान में दो साल का बकाया बोनस और धान खरीदी के बाद रकम निकालने गेट से लेकर सड़क तक किसानों की लंबी लाइन लगती है। बैंक खुलने से घंटों पहले किसान लाइन में लग जाते हैं। इसके चलते बैंकों की लाइन में पैसों के लिए जूते, चप्पल, गमछा, टोपी भी नजर आ जाते हैं। क्योंकि घंटों तक खड़े होकर इंतजार जो करना पड़ता है। ऐसे में जिला सहकारी बैंक जांजगीर के सामने ही दस महीने पहले एटीएम लगाने के लिए कमरा तैयार किया गया था और मशीन भी आ गया था। मगर उसे स्टाल कर सुविधा शुरू करनी थी । मगर बैंक प्रबंधन के द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा था। आखिर कार किसानों ने कलेक्टर से शीघ्र एटीएम की सुविधा शुरू करने की मांग की। जिस पर मंगलवार को जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी रेशम लाल तिवारी के द्वारा शाखा प्रबंधक शत्रुहन पैकरा, घनश्याम प्रसाद तिवारी, गोविंद मिश्रा, प्रमोद दुबे और बैंक के अन्य स्टाफ की उपस्थिति में एटीएम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बडी संख्या में किसान उपस्थित थे। जिला सहकारी बैंक के जांजगीर शाखा अंतर्गत सरखों, महंत, कुटरा, सिवनी, पहरिया, नैला व जांजगीर, बोड़सरा, अमोदा, धुरकोट व खोखरा सहित अन्य गांवों के लगभग 25 हजार से अधिक किसानों का खाता खोला गया है। इसमें 20 हजार खाताधारक नियमित रुप से लेन – देन करते हैं लेकिन वर्तमान स्थिति में 1150 किसानों को ही एटीएम कार्ड जारी हो पाया है। पांच साल पूर्व बांटे गए कार्ड एक्सपायर हो चुके हैं। जाहिर है एटीएम मशीन लग जाने के बाद भीड़ तभी कम होगी तब सभी किसानों को एटीएम कार्ड जारी कर दिया जाएगा। मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान रकम निकालने के लिए पहुंचे थे। किसानों की उपस्थिति में एटीएम का शुभारंभ किया गया। जब किसानों को एटीएम शुरू होने की जानकारी हुई तो वे बैंक से कार्ड के लिए फार्म लेने लगे। थोड़ी ही देर में फार्म खत्म हो गए। ऐसे में जिन किसानों को फार्म नहीं मिला उन्हें मायूस होना पड़ा। अब जिला सहकारी बैंक बिलासपुर से फार्म आने के बाद किसानों को दिया जाएगा।

RO No. 13467/11