
संबलपुर, 02 अक्टूबर । जिले में कल शाम बड़ा हादसा हो गया। संबलपुर जिला के जुजुमुरा ब्लॉक अंतर्गत गोवर्धन बड़माल गांव के कल्पपाड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से 10 लोग घायल हो गए, जबकि 2 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए संबलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार बताया गया है। जानकारी के अनुसार, कल गोवर्धन बड़माल गांव के कल्पपाड़ा में हॉकी मैच के दौरान अचानक से बारिश शुरु हो गई थी और बिजली भी कड़कने लगी थी। तेज बारिश से बचने के लिए कुछ लोगों पास के एक बरगद के पेड़ के नीचे शरण ली थी। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पेड़ के नीचे शरण लिए 10 लोग घायल हो गये और दो गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस से लाकर संबलपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में फिलिस्का केरकेटा, प्रशांत केरकेटा, जयंती केरकेटा, आर्यन केरकेटा, मस्को केरकेटा, पार्वती ओराम, गीता ओराम, सुमित ओराम, निव्यदीप मिंज और 6 माह की गर्भवती नीलम मिंज शामिल भी हैं। सभी घायल स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।



























