संभल। जामा मस्जिद के सर्वे के विरोध में 24 नवंबर, 2024 को हुई हिंसा में संभल पुलिस ने गुरुवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में गिरफ्तार 78 आरोपियों के खिलाफ बलवा, आगजनी और फायरिंग की धाराओं में चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस की ओर से दर्ज छह मुकदमों में दाखिल चार्जशीट करीब छह हजार पेजों की है। एक महिला फरहाना के खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले हैं। कोर्ट ने फरहाना को रिहा करने का आदेश दिया है। हिंसा में तीन महिलाओं सहित 79 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हिंसा में फायरिंग, आगजनी और पथराव के बीच चार लोगों की मौत हो गई थी। 30 अधिकारी व पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।