
वाशिंगटन, २५ अक्टूबर।
इजरायल पर हमास ने जब से कायरतापूर्ण हमला किया है तब से इजरायल ने गाजा पट्टी पर लगातार हमलों के साथ जवाबी कार्रवाई की है। लेकिन इस बीच जो तस्वीरें आ रही हैं, वास्तव में दर्दनाक हैं लेकिन हमास की करनी का बेकसूर जनता भुगत रही है। इसी को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने गाजा पट्टी पर पूर्ण युद्धविराम की बात कही थी, जिसको लेकर अब अमेरिका ने कहा कि गाजा में पूर्ण युद्धविराम से केवल हमास को फायदा होगा। व्हाइट हाउस के अधिकारी जॉन किर्बी ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि इजरायल के पास अपनी रक्षा के लिए जरूरी हथियार और क्षमता हो। हम गाजा में मानवीय सहायता पहुंचने के लिए भी प्रयास जारी रखेंगे। हम बंधकों और अमेरिकी लोगों को गाजा से निकालने का प्रयास जारी रखेंगे। किर्बी ने कहा कि हमारा मानना है कि गाजा में अभी युद्धविराम से हमास को ही लाभ होगा। गुटेरस संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरस ने इजरायली बलों द्वारा गाजा पट्टी पर पर लगातार बमबारी पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन है।
सशस्त्र संघर्ष में कोई भी पक्ष अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने दोनों पक्षों से हिंसा रोकने व शांति की अपील की। आगे गुटेरस ने कहा कि पश्चिम एशिया में स्थिति समय के साथ और भी गंभीर होती जा रही है। गाजा में युद्ध गंभीर रूप ले रहा है और इसके पूरे क्षेत्र में फैलने का खतरा है। उन्होंने कहा- संयुक्त राष्ट्र दिवस पर मैं सभी से अपील करता हूं कि संघर्ष छोड़ दें, इससे पहले कि हिंसा और अधिक लोगों की जान ले ले और व्यापक स्तर पर फैल जाए। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा था कि अमेरिका मानवीय विराम का तो समर्थन करेगा लेकिन पूर्ण युद्धविराम का नहीं। वहीं, राष्ट्रपति बाइडेन ने सोमवार को कहा था कि किसी भी युद्धविराम के बारे में बातचीत तभी शुरू हो सकती है जब हमास द्वारा हमले में बंधक बनाए गए 200 से अधिक सभी बंधकों को रिहा कर दिया जाए।

























