
सक्ती। सोमवार को सक्ती के भाजपा जिला अध्यक्ष की घोषणा हो गई। जिले की कमान टिकेश्वर गबेल को सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी मिलने पर टिकेश्वर ने कहा कि वे पार्टी को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करने काम करेंगे।
सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय सक्ती में संपन्न बैठक के दौरान उपस्थित पार्टी के पदाधिकारियों ने नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा की। इसके बाद टिकेश्वर का पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। टिकेश्वर साल 2019 में अविभाजित जांजगीर-चांपा जिला पंचायत में निर्दलीय सदस्य के रूप में जीते थे। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपना चेहरा बनाया। पार्टी ने उन्हें अविभाजित जांजगीर-चांपा जिले में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चे का जिला महामंत्री बनाया। भाजपा के तत्कालीन जिला अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा ने उन्हें भाजपा के चंद्रपुर मंडल के संगठन प्रभारी की भी जिम्मेदारी सौंपी। टिकेश्वर ने कहा कि वे पार्टी के सभी वरिष्ठ जनों के मार्गदर्शन में सक्ती जिले में पार्टी के संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में पहल करेंगे। साथ ही योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए काम करेंगे।
आगामी निकाय चुनाव में होगी अहम भूमिका जिले के जिला अध्यक्ष बनने पर टिकेश्वर के सामने संगठन के वरिष्ठ लोगों को एक साथ लेकर चलना भी काफी चुनौती भरा होगा। आगामी नगरीय निकाय के चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव में सफलता अर्जित करना भी एक बड़ा चुनौती होगा। बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा के कार्यकाल के लिए उपस्थित पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने उनका आभार व्यक्त किया।


















