
सूरजपुर। प्रेमनगर से सटे बिरंची बाबा धाम के समीप सडक़ किनारे जंगल में तेंदुआ के देखे जाने और इसकी तस्वीर इंटरनेट मीडिया में वायरल होते ही इलाके के ग्रामीण दहशत में आ गए। रविवार की शाम सात बजे सडक़ किनारे से लगे जंगल में तेंदुआ होने की खबर मिलते ही वहां पहुंची वन विभाग की टीम ने सायरन व सर्च लाइट के सहारे जंगली जानवर तेंदुआ को जंगल की ओर खदेड़ दिया। उसके बाद भी ग्रामीणों में दहशत की स्थिति बरकरार है।
रविवार की देर शाम करीब सात बजे प्रेमनगर थाने से महज पांच सौ मीटर दूरी पर रामानुजनगर मार्ग पर स्थित बिरंची बाबा धाम के निकट सडक़ किनारे जंगल में तेंदुआ को देखा गया। वह झाडिय़ों के बीच अपना सिर निकाला हुआ था। जानकारी मिलते ही रामानुजनगर रेंजर रामचन्द्र प्रजापति के निर्देश पर तत्काल वन अमला मौके पर पहुंचा। वहां वनकर्मियों ने देखा कि सडक़ किनारे जंगल में तेंदुआ घात लगाए बैठा है। वन अमले ने उसका वीडियो भी बनाया। उसके बाद सायरन व सर्च लाइट के सहारे वन विभाग की टीम ने तेंदुआ को जंगल की ओर खदेड़ दिया। बावजूद इसके इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल निर्मित है। इधर सुरक्षा के लिहाज से वन अमले ने प्रेमनगर इलाके में मुनादी करा दी है कि कोई भी ग्रामीण रात में घरों से बाहर न निकले। दिन में भी ग्रामीण जंगल की ओर जाने से बचें। प्रेमनगर इलाके के बिरंची बाबा धाम के समीप सडक़ किनारे जंगल मे रविवार की देर शाम जंगली जानवर तेंदुआ नजर आया था। इसका वीडियो भी बनाया गया है। वन विकास निगम के वन क्षेत्र क्रमांक 1922 में तेंदुआ पहुंचा था। इसे जंगल की ओर खदेड़ दिया गया है। संभवत: तेंदुआ अमरकंटक जंगल से भटक कर यहां पहुंचा होगा। इलाके में मुनादी करा ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।























