सडक़ तक दुकान फैलाई तो अब निवेदन नहीं, होगी सख्ती

नगर पालिका ने कार्रवाई का मन बनाया
कोरबा। बार-बार कहे जाने के बाद भी कोयलांचल दीपका के विभिन्न मार्गों पर व्यवसायिक गतिविधियां बेहतर नहीं हो पा रही है। इससे आवागमन बाधित हो रहा है। नगर पालिका ने साफतौर पर कहा कि इस मामले में अब किसी प्रकार का निवेदन नहीं किया जाएगा बल्कि सीधे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका के पास अलग-अलग माध्यम से इस बारे सूचनाएं पहुंच रही है, जिनमें कहा गया कि मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानों का सामान बाहार निकाल कर परेशानी बढ़ाई जा रही है। इसके चलते समस्याएं बढ़ रही हैं और लोग परेशान हो रहे हैं। बजरंग चौक दीपका से लेकर कटघोरा रोड और पाली रोड में इस प्रकार के मामले ज्यादा है। काफी समय से इस तरह की मनमानी हो रही है। नगर पालिका ने काफी समय पहले संबंधितों की समझ बढ़ाने के लिए कोशिश की थी, जिसके कोई नतीजे नहीं आ सके। अब इस बारे में रणनीतिक निर्णय लेने की मानसिकता बनायी गई है। उक्तानुसार 12 अगस्त को नगर पालिका की निर्वाचित बाडी के अलावा अन्य लोग बैठक में शामिल होंगे।
खासतौर पर इसी मसले पर विचार मंथन होगा और फिर पालिका अपने निर्णय पर क्रियान्वयन करेगी। माना जा रहा है कि रक्षाबंधन से लेकर गणेशोत्सव, जन्माष्टमी और इसके बाद बड़े त्यौहार का सीजन शुरू होगा। पहले से ही दीपका क्षेत्र की सडक़ें सकरीय है और उन पर आवागमन में समस्या होती हैं। इस स्थिति में आसपास की दुकानों का सामान सडक़ पर फैलने से चुनौतियां बढ़ जाती है। ऐसे में तमाम तरह की आलोचनाओं को खत्म करने और मनमानी करने वालों पर लगाम कसने के लिए नगर पालिका का एक्शन में आना स्वाभाविक है।

RO No. 13467/11