सडक़ हादसे में महिला की मौत से नाराज लोगों ने शव रखकर सडक़ पर किया चक्काजाम

अकलतरा-जांजगीर। मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम बनाहिल मोड़ के पास मंगलवार दोपहर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। उसे बिलासपुर रेफर किया है।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन चालक पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर शव सडक़ पर रख चक्काजाम कर दिया। शाम 6 बजे 50 हजार मुआवजा राशि देने के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। वहीं रोजगार और आबकारी विभाग की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन भी दिया है। नगर पंचायत नरियरा के वार्ड-14 निवासी सलमा धृतलहरे के घर सुबह आबकारी विभाग की टीम ने दबिश दी। जांच के बाद टीम पति मुन्ना धृतलहरे को जिला कार्यालय जांजगीर ले गई। वहां से टीम ने सलमा धृतलहरे को कॉलकर कागजात और रकम लाने कहा, ताकि पति को छोड़ा जा सके। इस पर सलमा धृतलहरे दोपहर 12.45 बजे पड़ोसी गोलू टंडन के साथ बाइक पर जांजगीर जाने के लिए निकली थी। दोपहर 1 बजे बनाहिल बस स्टैंड के पास नरियरा मोड़ पर पिकअप के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक के पीछे बैठी सलमा सडक़ पर जा गिरी और उसके सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। बाइक चला रहे गोलू को गंभीर चोट आईं। घायल को सीएचसी अकलतरा के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर किया। इधर आक्रोशित लोगों ने मौके पर सडक़ पर शव रखकर चक्काजाम किया। हादसे की सूचना पर मुलमुला थाना प्रभारी पारस पटेल मौके पर पहुंचे। वार्ड पार्षद भवानी सिंह ने कहा जिला प्रशासन आबकारी विभाग के कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करें, उचित मुआवजा दे और परिवार के लोगों को पावर प्लांट में नौकरी दी जाए।
इधर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को पकड़ लिया है। चालक की ओर से पीडि़त परिवार को 50 हजार रुपए का मुआवजा दिया गया है। वहीं प्रशासन की ओर से भी 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। बनाहिल-अकलतरा के बीच बड़े- बड़े क्रशर और प्लांट होने से इस सडक़ पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक है। 7 किमी लंबी सडक़ इतने भारी दबाव के अनुरूप नहीं है। सडक़ को बने 50 साल हो चुके हैं। चौड़ाई भी कम है। यह रोड रायगढ़-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को पामगढ़, शिवरीनारायण, अकलतरा ब्लॉक मुख्यालय, नगर पंचायत नरियरा व ग्राम मुलमुला और सोनसरी से जोड़ता है। वर्तमान में सडक़ की स्थिति काफी खराब है। इस सडक़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद मरम्मत और चौड़ीकरण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। सडक़ पर आखिरी बार डामरीकरण 2022 में किया गया था। इसके बाद से केवल बजरी डालकर अस्थायी व्यवस्था की जा रही है, जिससे समस्या और बढ़ती जा रही है।
चक्का जाम के चलते लोग हुए परेशान, लग गई कतार महिला की मौत के बाद लोगों ने दोपहर करीब 1 बजे सडक़ पर चक्काजाम करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। चक्काजाम और प्रदर्शन के कारण पामगढ़, नरियरा और अकलतरा आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे। वहीं कई लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा।

RO No. 13467/11