सड़क सुरक्षा अभियान के बीच हादसे में एक की मौत

डभरा । खोंधर मोड़ के नहर पार तालाब के पास शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को ठोकर मार दी। जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा में भर्ती कराया गया। जिसमें से एक युवक की रास्ते में मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति को देखते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना डभरा थाना की है। जानकारीके अनुसार ग्राम खैरा निवासी ननका चंद्रा अपने साथी मणिदास महंत के साथ किसी काम से डभरा आ रहा था। दोपहर 12 बजे के करीब ग्राम खोंधर मोड़ के पास पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रही लकड़ी से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 11 एवाय 0711 के चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ननका चंद्रा और मणिदास महंत गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवकों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा लाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया। रायगढ़ ले जाते समय ननका चंद्रा ने रास्ते में सपोस के पास पेट्रोल टंकी के पास दम तोड़ दिया वहीं दूसरे युवक मणि दास महंत का रायगढ़ के अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपित ट्रैक्टर चालक और मालिक दोनों खैरा के ही रहने वाले हैं। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही से एक परिवार का चिराग बुझ गया। डभरा पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर आरोपित चालक के विरुद्ध धारा 279, 337, 304 ए के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कर रही है। इमारती लकड़ी का अवैध कारोबार जोरों पर ग्राम खैरा में अवैध लकड़ी का कारोबार जोरों से चल रहा है। प्रतिदिन अवैध रूप से बड़ी मात्रा में इमारती लकड़ी की तस्करी हो रही है। ट्रैक्टरों सेकीमती इमारती लकड़ी का अवैध धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। मगर वन विभाग के अधिकारी कार्रवाई के तरफ कोई ध्यान नहीं देते हैं।

RO No. 13467/11