रामपुर, 0६ सितम्बर । सनातन धर्म पर टिप्पणी करने के मामले में तमिलनाडु के युवा कल्याण एवं खेल विकास मंत्री उदयनिधि स्टालिन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे प्रियंक खरगे के खिलाफ रामपुर के सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। सिविल लाइंस क्षेत्र के एकता विहार कॉलोनी निवासी अधिवक्ता राम सिंह लोधी और आवास विकास कॉलोनी निवासी अधिवक्ता हर्ष गुप्ता ने एसपी को एक प्रार्थना पत्र दिया। इसमें आरोप है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र और कर्नाटक सरकार में ग्रामीण एवं पंचायती राज मंत्री प्रियंक खरगे ने सनातन धर्म पर टिप्पणी की थी। जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इससे समाज में दो वर्गों के बीच वैमनस्यता उत्पन्न हो गई है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। पुलिस ने बुधवार को कहा कि डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के बेटे प्रियांक खडग़े के खिलाफ कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में यहां प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि स्टालिन पर सनातन धर्म को खत्म करने का आह्वान करने और खडग़े पर उनकी टिप्पणी का समर्थन करने के लिए मामला दर्ज किया गया है। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि सिविल लाइंस कोतवाली में आईपीसी की धारा 153 ए, 295ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। स्टालिन ने शनिवार को तमिलनाडु में एक कार्यक्रम के दौरान सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से की थी। उनकी टिप्पणियों पर राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और भाजपा ने कांग्रेस पर उनकी टिप्पणियों की निंदा करने पर जोर दिया। इंडिया शब्द को बदलकर भारत करना अंबेडकर के संविधान का अपमान: संजय राउत मुंबई, 0६ सितम्बर [एजेंसी]। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना करते हुए, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने बुधवार को कहा कि इंडिया शब्द को बदलकर भारत करना डॉ. बी. आर. अम्बेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का अपमान है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान में इंडिया और भारत दोनों को शामिल किया गया है और इतने वर्षों तक इंडिया के इस्तेमाल से किसी को कोई परेशानी नहीं हुई, तो अब उन्हें नाम बदलने का अधिकार किसने दिया है। उन्होंने तर्क दिया, समस्याएं कुछ महीने पहले राष्ट्रीय विपक्षी दलों के इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव एलायंस (इंडिया) गठबंधन के तहत एकजुट होने के बाद शुरू हुईं, जिसने भाजपा को अंदर तक हिला दिया है। राउत ने तीखे शब्दों में पूछा भाजपा अब देश के उस नाम से भी डरने लगी है, जिसका इस्तेमाल वह अपनी कई योजनाओं के लिए कर रही है। फिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि आपको यह कदम उठाना पड़ा। आप और कितनी चीजें बदलेंगे।