
गाजीपुर, १४ फरवरी ।
सपा से गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी के खिलाफ बृहस्पतिवार की रात शादियाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। यह मुकदमा जिला सहकारी बैंक गाजीपुर के पूर्व अध्यक्ष देव प्रकाश सिंह ने दर्ज कराया है। आरोप है कि सांसद ने अपने पद की गरिमा के विरुद्ध जाते हुए टिप्पणी की, जिससे सनातन हिन्दू धर्म की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसके पूर्व भी सनातन हिन्दू धर्म के साधू संतों के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। सपा सांसद अफजाल अंसारी ने प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने वालों को लेकर बयान दे डाला था। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहे हैं कि मान्यता है कि संगम तट पर नहाकर व्यक्ति का पाप धुल जाएगा। बैकुंठ में जाने का रास्ता खुल जाएगा और भीड़ देखने से ऐसा लग रहा है कि अब नर्क में कोई नहीं बचेगा और स्वर्ग में हाउसफुल हो जाएगा।





















