कोरबा। सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एम.के.वेंकेटेश ने सभी संयंत्रों में जाकर सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने कोरबा पहुंचते ही गीतांजलि भवन में सफाई कर्मचारियों के जनजागरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम का आयोजन सफाई कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सिकंदर उसरवर्षा, रामस्वरूप चौधरी, आरती सोनखरे ने कराया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल हुए। इसके बाद एम.के.वेंकेटेश प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में शामिल हुए। उन्होंने अधिकारियों के सामने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को रखते हुए कहा कि जिले के सफाई कर्मचारी कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। समय पर उन्हें वेतन नहीं मिल पाता है। इसके अलावा इलाज की सुविधा भी नहीं है। इलाज के लिए उन्हें बार-बार भटकना पड़ता है। सफाई कर्मचारी कम रेट पर काम करते हैं। उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रयास किए जाने की जरूरत है। श्री वेकेंटेश के साथ महा दलित संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष उमेश सिंप्रे, प्रदेश अध्यक्ष मयूर रथेल, सिस्टा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.पी.खांडे भी थे। उन्होंने कोरबा जिले के सभी संयंत्रों में जाकर अधिकारियों से समस्याओं के संबंध में चर्चा की। सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सिकंदर उसरवर्षा ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को आयोग के अध्यक्ष के सामने रखा।