
कोरबा। शिक्षा मंत्रालय के द्वारा देश भर के विद्यालयों में स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन किया है। इस अभियान के तहत विद्यालयों में सफाई और स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छात्रों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है ताकि वे अपने विद्यालयों और वातावरण की सफाई में योगदान कर सकें। इस अवसर पर इंडस पब्लिक स्कूल दीपिका के प्राचार्य डॉक्टर संजय गुप्ता के द्वारा विद्यालयों के सफाई कर्मचारियों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉक्टर संजय गुप्ता ने कहा कि चाहे कोई भी स्थान हो बाजार हो, अस्पताल हो, विद्यालय हो, या हमारे गली मोहल्ले हो ,अगर हमें एक स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण देखने को मिलता है तो इन सब में इन सफाई मित्रों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। आज के समाज में, आस-पास की स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सफाई मित्रों का योगदान अत्यधिक महत्वपूर्ण है। वे अपने समुदाय में सफाई और स्वच्छता के मामले में सक्रिय रूप से शामिल हैं। उनके कठिनाईयों के बावजूद, वे समुदाय के लिए एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।





























