
मालखरौदा। धान खरीदी केंद्रों में समर्थन मूल्य पर बेचे गए धान की राशि अब तक खाते में नहीं आने से किसानों में नाराजगी है। क्षेत्र के किसानों के अनुसार जिन किसानों ने 17 से 31 जनवरी तक समर्थन मूल्य पर धान सेवा सहकारी समिति के धान खरीदी केन्द्रों में बेचा है।
उन सभी किसानों की समर्थन मूल्य राशि 2300 रुपए अब तक खाते में जमा नहीं हो सकी है। किसान समिति में जाकर बार-बार समिति प्रबंधक कंप्यूटर ऑपरेटर से जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन उनके द्वारा सभी डाटा दिखाने के बाद कहा जा रहा है कि शासन स्तर से ही राशि सीधे आपके खाते में जमा होगी और समिति में किसी भी प्रकार की कोई त्रुटि नहीं है।
किसानों का आरोप है कि एक ओर जहां छत्तीसगढ़ शासन प्रशासन द्वारा किसानों ने सेवा सहकारी समिति धान खरीदी केंद्र में बेचे गए धान की राशि 72 घंटे में खाते में पहुंचने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर 17 से 31 जनवरी के बीच में बेचे गए किसानों की धान की समर्थन मूल्य की राशि अभी तक प्राप्त नहीं होना संदेह को जन्म दे रहा है। इस संबंध में बड़ेकोट, चिखली, नवापारा, आमनदुला सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने तत्काल धान की समर्थन मूल्य राशि जमा करने शासन प्रशासन से गुहार लगाई है, ताकि उनकी परेशानियों का सही समय में हल निकल सके।






















