
शिमला। राज्य सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा राज्य भर में धरने प्रदर्शन करेगी। इस दौरान सरकार के एक साल के जन विरोधी सभी कार्यों को जनता के सामने लाने का फैसला लिया जाएगा। इसके लिए पार्टी की ओर से एक पूरा पत्र तैयार किया जा रहा है। इसे आक्रोश पत्र का नाम दिया है। इसमें यह बताया जाएगा कि कौन-कौन से ऐसे फैसले है, जो हिमाचल सरकार ने जनहित के खिलाफ लिए हैं। इसके लिए भाजपा का थिंक टैंक लगातार काम में लगा है। राज्य सरकार ने कितना लोन लिया है, कितने स्कूल बंद किए हैं, इस तरह के सभी फैसलों में खामिया निकलाते हुए इस पर आक्रोश प्रकट करते हुए पूरा पत्र जारी किया जाना प्रस्तावित है। हालांकि सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर हिमाचल में चार्ज शीट लाने की रिवायत रही है। भाजपा ने इस बार चार्ज शीट की बजाय सरकार की कारगुजारियों यानि जन विरोधी फैसलों को शामिल करते हुए पत्र लाने का फैसला लिया है। भाजपा का मानना है कि सरकार ने एक साल में कोई भी ऐसा काम नहीं किया , जो प्रदेश के हित में हो। अधिकतर काम प्रदेश के अहित वाले ही किए हैं। इसलिए जनता के सामने इन कामों को लाया जाए ताकि जनता जान सकेगी कि गारंटियों के दम पर सत्ता में आने वाली सरकार की असलियत क्या है। सरकार की रैली के जवाब में लाए जा रहे पत्र में हर काम की समीक्षा करते हुए प्रदेश को हो रहे नुकसान को बताया जाना इस पत्र की प्राथामिकता रहेगी।


























