
लखनऊ। प्रदेश सरकार नगरीय निकायों में रिक्त चल रहे तकनीकी व अन्य पदों पर जल्द ही भर्तियां करने जा रही है। सरकार ने नगरीय निकायों से उनके यहां रिक्त पदों का विवरण मांगा है। निकायों को एक सप्ताह में ब्यौरा देना है। निदेशक स्थानीय निकाय डॉ. नितिन बंसल ने नगरीय निकायों को भेजे पत्र में पूछा है कि उनके यहां केंद्रीयत और अकेंद्रीयत सेवा के कितने पद स्वीकृत हैं और मौजूदा समय में कितने पद रिक्त हैं। उन्होंने यह भी पूछा है कि तकनीकी संवर्ग के कितने पद उनके यहां हैं और कितने रिक्त हैं।दरअसल, नगरीय निकायों में अधिकारियों व कर्मचारियों की कमी का असर विकास कार्यों पर पड़ रहा है। इस कारण तय समय पर काम पूरे नहीं हो पा रहे हैं। खासकर तकनीकी संवर्ग के पदों पर अधिकारियों व कर्मचारियों की कमी के कारण काम पिछड़ रहा है। नगरीय निकायों से सूचना मिलने के बाद इन पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रदेश में 117 नए निकाय बनाए गए हैं। इनमें भी अधिकारियों, अभियंताओं व कर्मचारियों की तैनाती होनी है।