
अकलतरा। नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में नगर के विधायक कार्यालय अजंता परिसर में नगर कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। इसमें विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि आगामी दिसंबर में नगरीय निकाय का चुनाव होना है। कांग्रेस पार्टी सर्वे करने के बाद जीतने योग्य प्रत्याशी को अध्यक्ष और पार्षद का टिकट देगी।
प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद विकास कार्य अवरुद्ध होने से राज्य शासन द्वारा अवैध रूप से शराब की बिक्री व नशीले पदार्थों को रोकने कोई भी उपाय नहीं कर मौन संरक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी द्वारा नगर के 20 वार्डों में घर-घर जाकर प्रदेश सरकार की विफलता बताई जाएगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता लक्ष्मण मुकीम ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद गौ माता के संरक्षण के लिए कोई भी उपाय नहीं िकए जा रहे हैं। आवारा पशुओं के बीच सडक़ में घूमने से लगातार दुर्घटनाएं घटित होने के साथ-साथ व्यक्ति की जान भी जा रही है। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश्वर टंडन ने कहा कि नगर पालिका में बिना निविदा के लाखों रुपए का निर्माण कार्य होने के साथ-साथ भाव पत्र के माध्यम से चहेते ठेकेदारों को उपकृत कर रही है। नगर कांग्रेस कमेटी भ्रष्टाचार व विकास कार्य अवरुद्ध होने से आम जनता को अवगत करवाने, राज्य और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के साथ धरना-प्रदर्शन व आंदोलन किया जाएगा।