सांसद अमृतपाल सिंह और उसके 9 साथियों को लगा बड़ा झटका, पंजाब सरकार ने इतने दिनों के लिए बढ़ाया NSA

अमृतसर। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह पर लगे नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) को एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। लोकसभा चुनावों के परिणाम से एक दिन पहले ही पंजाब सरकार के गृह मामले और न्याय विभाग की तरफ से यह आदेश जारी किया गया है। विभाग की तरफ से एक एडवाइजरी बोर्ड की राय लेकर एनएसए में वृद्धि की है। आदेशों के मुताबिक 23 अप्रैल 2024 से ही इसे अगले वर्ष तक माना जाएगा। अमृतपाल सिंह के साथ-साथ उसके 9 साथियों पर भी यह आदेश लागू किए गए है। सरकार की तरफ से अमृतपाल सिंह पर एनएसए को एक साल में वृद्धि करने को लेकर परिजनों में भी काफी रोष है। परिजनों का कहना है कि यह पंजाब सरकार की घटिया कार्रवाई है। उनका कहना है कि जिस शख्स को लोगों ने चार लाख से अधिक वोट डालकर संसद में भेजा हो और वह किसी के लिए खतरा कैसे साबित हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पंजाब सरकार अपनी घटिया कार्रवाईयों से बाज नहीं आई तो वह शांतमयी तरीके से अपना संघर्ष शुरु करेंगे।

RO No. 13467/11