
तिरूवन्नमलाई, 0२ दिसम्बर ।
तमिलनाडु में भारी बारिश के बीच तिरुवन्नामलाई में मिट्टी धंसने के बाद सात लोग मलबे में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ कर्मी हाइड्रोलिक लिफ्टों की मदद से बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के बाद प्रसिद्ध अन्नामलाईयार पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित घरों पर एक बड़ा पत्थर गिर गया। इसमें लगभग 7 लोगों के फंसे होने की आशंका है। इसमें 3 बच्चे भी शामिल हैं। जिला कलेक्टर डी भास्कर पांडियन और पुलिस अधीक्षक एम सुधाकर ने रविवार शाम को कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि शहर में भारी बारिश होने के बावजूद अधिकारियों की ओर से बचाव अभियान जारी है। वहीं, अग्निशमन और बचाव सेवाओं के एक अधिकारी ने बताया कि पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित झोपडिय़ों पर एक बड़ा पत्थर गिर गया है। भारी बारिश के बीच बचाव कार्य जारी है। घरों से 5 से 7 लोगों के फंसे होने की आशंका है। अंधेरा और बारिश के कारण स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के कर्मी भी बचाव अभियान में शामिल होंगे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु और पुडुचेरी के उत्तरी तटीय क्षेत्रों पर चक्रवाती तूफान फेंगल का अवशेष दबाव पिछले छह घंटों के दौरान 7 किमी/घंटा की गति से पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है और 1 दिसंबर (रविवार) को रात 11.30 बजे केंद्रित हो गया था।