
सूरजपुर। जिले में तेजी से घटित हो रही आनलाइन ठगी की वारदातों के बीच इस बार साइबर अपराधियो ने बिहारपुर चांदनी इलाके की एक महिला को नौकरी दिलाने के नाम पर 41 हजार रुपये की ठगी का शिकार बनाया है। मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के गुना ग्वालियर के तीन लोगों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया है।
जिले में लगातार लोग आनलाइन ठगी के शिकार हो रहे है। कुछ मामलों में अपराध दर्ज हो रहे है, तो कई मामलों में साइबर पोर्टल में शिकायत दर्ज की जा रही है। वही 75 प्रतिशत घटनाओं में अपराध अथवा पोर्टल में शिकायत भी दर्ज नही हो रही है। इस बार साइबर आरोपितो ने चांदनी बिहारपुर इलाके के नवगई गांव की एक महिला को ठगी का शिकार बनाया है। इसकी रिपोर्ट पीडि़त महिला चंद्रकला जायसवाल ने चांदनी थाना में दर्ज कराई है। उसने बताया की वह महामाया महिला स्व सहायता समूह में कार्य करती है। 13 मई को उसके मोबाइल पर काल करने वाले शिवराम यादव ने कहा कि वह समूह का अधिकारी बोल रहा है। आप समूह की एक्टिव महिला हो। आपको आगे बढ़ाना है। आपका लिस्ट में नाम आया है। नौकरी के लिए एक हजार रजिस्ट्रेशन फीस व 40 हजार रुपये देने होंगे। उसके झांसे में आकर उसने एक हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस व 40 हजार रुपये फोन पे से उसके बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए। इस ठगी की घटना में धनपाल अहिरवार व नेपाल यादव भी शामिल है। तीनो आरोपित गुना, ग्वालियर मध्यप्रदेश के रहने वाले है। पीडि़त महिला की रिपोर्ट पर चांदनी पुलिस ने आरोपित शिवराम यादव, धनपाल अहिरवार व नेपाल यादव के खिलाफ धारा 420 व आईटी एक्ट की धारा 66 (ड़ी) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। हाल ही में बिश्रामपुर थाना इलाके के ग्राम पंचायत केशवनगर महादेवपारा में एक महिला ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गई थी। साइबर ठग ने पार्ट टाइम जॉब करने हेतु प्रोडक्ट्स बेचने व मोटे कमीशन दिलाने का लालच देते हुए महिला से 12 लाख 37 हजार 410 रुपए ठग लिए। मामले में बिश्रामपुर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी प्रकार साइबर अपराधी ने एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की गांयत्री भूमिगत परियोजना में कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर अमन कश्यप केटेगरी तीन मजदूर को ठगी का शिकार बनाया था।























