
कांकेर, 23 अक्टूबर । कांकेर में दो कथित माओवादियों के मारे जाने के पुलिस के दावे पर आदिवासियों ने सवाल उठाया है। आदिवासियों का आरोप है कि कथित माओवादियों को पुलिस ने पकड़ कर, फज़ऱ्ी मुठभेड़ में उनकी हत्या की है। इससे पहले शनिवार को पुलिस ने दावा किया था कि कोयलीबेड़ा इलाके के गांव गोमे से लगे हुए जंगल में माओवादियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई थी। बाद में जब सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया तो घटनास्थल से दो पुरुषों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से कुछ हथियार भी बरामद करने का दावा किया था। पुलिस ने दोनों शवों को लेकर आशंका जताई थी कि ये माओवादियों की पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी की पांचवीं कंपनी के सदस्य हो सकते हैं।



















