
सूरजपुर। बुधवार की रात पोड़ी गांव में चमन सिंह गोंड़ ने लकड़ी के टुकड़े से अपने जीजा राजेश गोड़ की बेदम पिटाई कर हत्या कर दी। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार आरोपित के विरुद्ध सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। बताया गया कि ग्राम पोड़ी निवासी मृतक राजेश सिंह गोंड़ पिता सोमारसाय गोंड़ 45 वर्ष नि:संतान था। वो अपनी पत्नी मीरा बाई के साथ घर जवाई बतौर पोड़ी गांव में रहता था। वह अपने चचेरे साला चमन सिंह गोंड़ की पांच वर्षीय पुत्री को अपने साथ रखता था। चार पांच दिन पूर्व राजेश अपनी पत्नी और चमन की पुत्री के साथ अपने पैतृक गांव महंगई घूमने गया था। वहां से बुधवार को ही वापस लौटा था। उसी बात पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आरोपित चमन सिंह उसके घर आकर अपनी चचेरी बहन मीरा से मारपीट करने लगा। बीच बचाव करने पहुंचे राजेश की भी उसने लकड़ी से बेदम पिटाई कर दी। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। उसके बाद वह फरार हो गया। मृतक की पत्नी मीरा की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित चमन सिंह के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है।


























