
मनेंद्रगढ़। अंबिकापुर से होकर गुजरी कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली को लेकर राजनीति गरमा गई है। पखवाड़े भर पहले सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कलेक्टर विलास भोसकर को स्कूटी पर बैठाकर सडक़ का निरीक्षण किया था। राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी साथ में थे। निरीक्षण के बाद भी सडक़ की बदहाली दूर नहीं हुई। आवागमन में हो रही परेशानियों को देखते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने पहल की। उन्होंने जनसहयोग से मटेरियल की व्यवस्था करवाई। खुद खड़े होकर सडक़ के गड्ढों को भरवाया। इस दौरान सिंहदेव ने शहरवासियों से चर्चा भी की।
अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंबिकापुर के आंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन मोड़ तक सडक़ की दुर्गति हो गई है। पीजी कालेज के सामने तथा होटल शैलगिरी के आसपास सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों के कारण आवागमन में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनता की ओर से लगातार सामने आ रही शिकायतों पर सांसद चिंतामणि महाराज ने स्कूटी से सडक़ का निरीक्षण किया था इसके बाद भी सडक़ की बदहाली दूर नहीं हुई थी। मार्ग की दुर्दशा और शहरवासियों को हो रही परेशानी पर जन्माष्टमी की दोपहर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव राष्ट्रीय राजमार्ग के अवलोकन के लिए पहुंचे। मार्ग के गड्ढों को भरने के लिये जनसहयोग से पहल भी प्रारंभ किया। उन्होंने खड़े होकर सडक़ के गड्ढों को भरवाया। अंबिकापुर – मनेंद्रगढ़ मार्ग , राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 का हिस्सा है। यह सडक़ पूर्णत: जर्जर हो चुका है। इस मार्ग के साथ ही अंबिकापुर-रायगढ,अंबिकापुर-बिलासपुर, अंबिकापुर-रामानुजगंज मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधीन हैं। इन मार्गो का रखरखाव और नवीनीकरण की जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजमार्ग की है। लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग की उदासीनता का खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड रहा है। अंबिकापुर- मनेंद्रगढ़ मार्ग पर मौजूद गड्ढों के कारण आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। रेलवे स्टेशन इसी मार्ग पर स्थित है । ट्रेन पकडऩे वाले यात्रियों की ट्रेन इस सडक़ की दुर्दशा के कारण छूट रही है। शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूल, कालेज इस मार्ग पर स्थित हैं। वहां पर पढऩे वाले छात्रों के साथ ही अभिभावकों को भी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। इन मार्गो को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की उदासीनता का खामियाजा पूरा शहर भुगत रहा है। शहरवासियों की परेशानी की जानकारी पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव मनेंद्रगढ़ मार्ग पर पहुंचे। निरीक्षण के बाद पहल करते हुए उन्होंने तत्काल जनसहयोग के माध्यम से सडक के गड्ढों को भरने का कार्य प्रारंभ कराया। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता , शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित बडी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी साथ थे। अंबिकापुर के आंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन मोड़ तक कुल सात ऐसे स्थल थे जहां बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे। इन गड्ढों के कारण आवागमन में परेशानी हो रही थी।
इतना ही नहीं लगातार दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती थी। बारिश से गड्ढों में पानी भरने के बाद इनकी गहराई का भी पता नहीं चल पाता था। पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के साथ कांग्रेसजनों ने ऐसे सभी सात स्थानों पर गढ्ढों को भरवाया ताकि लोगों को राहत मिल सके। सडक़ मरम्मत के लिए जरूरी मटेरियल मंगवा कर यह कार्य पूर्ण कराया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता से भी सडक़ को लेकर चर्चा की। चर्चा में उन्होंने पूछा कि एक वर्ष पूर्व कांग्रेस शासनकाल में शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गो एवं नालियों के नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था।उसपर आज दिनांक तक कोई कारवाई क्यों नहीं हुई ? उन्होंने एनएच के कार्यपालन अभियंता से कहा कि अगर आप एनएच की सडकों का रखरखाव नहीं कर सकते तो उसे नगर निगम अंबिकापुर को हस्तांतरित कर दीजिए।














