
नईदिल्ली, 0६ सितम्बर । इसे शुष्क मौसम का असर कहें या फिर अल नीनो वर्ष का प्रभाव… सोमवार (चार सितंबर) का दिन सितंबर में 123 साल का दूसरा सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। वहीं, गर्मी बढऩे से ओजोन का स्तर भी बढऩे लगा है। सितंबर में रिकार्ड गर्मी के कारण ओजोन का स्तर बढऩे लगा है। सितंबर में ओजोन का बढऩा सामान्य नहीं है। ऐसे में जी-20 से पहले ओजोन के बढ़ते स्तर को लेकर भी प्रदूषण एजेंसियों की चिंताएं कुछ बढ़ी हैं।सीपीसीबी द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार मंगलवार को राजधानी के प्रदूषण में मुख्य प्रदूषक ओजोन और पीएम-10 रहे। ओजोन रविवार की तुलना में करीब 50 से 70 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। मंगलवार को राजधानी का एक्यूआई 121 रहा। नेहरू नगर में ओजोन का स्तर 211.9 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रहा। इसका मानक 180 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर है। मंगलवार को भी गर्मी का सितम जारी रहा। दिन भर खिली रही तेज धूप के बीच अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 76 से 49 प्रतिशत रहा।स्काईमेट के मुताबिक पाकिस्तान की ओर से आ रही गर्म हवाएं सितंबर के महीने में भी यहां की गर्मी बढ़ा रही हैं। अगस्त में वर्षा की कमी और सितंबर में भी अभी तक चल रहा सूखा भी गर्मी कम नहीं होने दे रहा।मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को हल्की बरसात होने की संभावना जताई गई है। इसके चलते तापमान में भी कुछ गिरावट देखने को मिलेगी। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रहेगा तो वहीं बुधवार से शुक्रवार के बीच यह 35 डिग्री तक जा सकता है। चार सितंबर को दिन का तापमान 40 डिग्री पार कर गया। तेज धूप के चलते सावन में भी भादो का एहसास हुआ। सोमवार को दिन भर खिली रही धूप के बीच गर्मी ने 85 वर्षों (1938 से 2023) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर माह में सर्वाधिक 40.6 डिग्री तापमान 16 सितंबर 1938 को दर्ज किया गया था। सोमवार का तापमान इसके बाद दूसरा सर्वाधिक है। मतलब, 1901 से लेकर 2023 तक 123 साल में 16 सितंबर 1938 ने पहली बार गर्मी का रिकॉर्ड तोड़ा था तो अब चार सितंबर 2023 ने दूसरा बार तोड़ा है।



























