सिर्फ 27 प्रतिशत मतदान, अधिकारियों ने नहीं ली रूचि

दीपका। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोलफील्ड्स दीपका की प्रगति नगर कालोनी में बनाए गए एक पोलिंग बूथ में सिर्फ 27 प्रतिशत मतदान हुआ। इसे सबसे कम बताया गया। इसके पीछे कई प्रकार के कारण अहम् माने जा रहे हैं। इसके साथ ही उस अभियान पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं जिसमें शत् प्रतिशत मतदान कराने को लेकर दावे किये जा रहे थे।
नगर पालिका क्षेत्र दीपका में आने वाले वीर सावरकर वार्ड से जुड़ा हुआ यह क्षेत्र है जहां पर पहले की तरह इस बार भी विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत 30 तक भी नहीं पहुंच सका। यही हाल लोकसभा चुनाव में भी होता है, जानकारी ऐसा बताते हैं। इसलिए 2023 के विधानसभा चुनाव में बीते वर्षों के मिथक नहीं टूट सके। इस इलाके में 1180 मतदाता हैं जिनमें से सिर्फ 315 ने मतदान किया। बताया गया कि इस मतदान केंद्र के अंतर्गत एसईसीएल के सी और डी टाइप आवासों में मोटा वेतन और बहुत सारी सुविधा पाने वाले कोल इंडिया के अधिकारी निवासरत हैं। चुनाव को यह वर्ग कितनी गंभीरता से लेता इै इसका पता मतदान को लेकर उदासीनता से पता चलता है। जबकि एक कोयला कंपनी के लिए छोटे स्तर पर काम करने वाले कामगारों की संख्या भी इलाके में निवासरत है। लेकिन वह अज्ञात कारणों से विधानसभा और लोकसभा चुनाव में नदारद रहती है। इन सबसे अलग जानकारी मिली है कि स्थानीय चुनाव में यहां मतदान 60 से 70 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। हर चुनाव से पहले सत्यापन के साथ पुनरीक्षण जैसी प्रक्रियाएं निर्वाचन आयोग की ओर से कराई जाती है। उसमें भी इस प्रकार की स्थिति को आखिर क्यों नहीं देखा जाता, यह समझ से परे है।

RO No. 13467/11