
नईदिल्ली, १5 नवंबर । दिल्ली में एक बार फिर अफसर बनाम सरकार की जंग तेज हो गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विजिलेंस मिनिस्टर आतिशी की रिपोर्ट एलजी वीके सक्सेना को भेजकर उन्हें तुरंत हटाने की मांग की है। केजरीवाल ने चीफ सेक्रेटरी को तुरंत पद से हटाने साथ उन्हें सस्पेंड करने की सिफारिश की है। सीएम ने मंत्री आतिशी को यह रिपोर्ट सीबीआई और ईडी को भेजने को कहा है। एक दिन पहले ही दिल्ली की सतर्कता मंत्री आतिशी ने बामनोली भूमि अधिग्रहण मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 650 पन्नों की प्राथमिक रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में चीफ सेक्रेटरी नरेश कुमार पर बेटे की कंपनी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मामले में 850 करोड़ रुपये का अनुचित लाभ कमाया गया। यह जमीन 2015 में द्वारका एक्सप्रेसवे के पास केवल 75 लाख रुपये में खरीदी गई थी।














