रोहतक (हरियाणा)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सोमवार सुबह रोहतक से भिवानी जाते समय पैतृक गांव बनियानी पहुंचे और अपने पैतृक व चचेरे भाई के पैतृक मकान को गांव की पंचायत को सुपुर्द कर दिया। उन्होंने इस दौरान कहा कि मकान में ई-लाइब्रेरी बनाई जाए, जो गांव की अगली पीढ़ी के काम आ सकेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री भिवानी के लिए रवाना हो गए। जहां वह सांसद धर्मबीर सिंह के घर जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बनियानी में कहा कि उनके लिए गर्व की बात है कि वह अपने पैतृक गांव में आए हैं, जो उनके लिए दर्शनीय है। उन्होंने कहा कि उनका बचपन यहां बीता और पढ़ाई भी यहीं पर की है। कहा कि यह मकान माता-पिता की निशानी है, जो उन्होंने मेरे नाम किया था।