सीएम योगी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान का किया शुभारंभ बोले- सरकार और जनता ठान ले तो सबकुछ मुमकिन

गोरखपुर, 0४ अक्टूबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीआरडी मेडिकल कालेज में मंगलवार को संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इंसेफ्लाइटिस पर नियंत्रण को देश-दुनिया के सामने एक सफलतम मॉडल बताते हुए कहा कि समन्वित प्रयास से इंसेफ्लाइटिस खत्म होने के कगार पर है। शीघ्र ही इसके उन्मूलन की घोषणा की जाएगी। सीएम ने आगे कहा कि अन्य संचारी रोगों पर भी उत्तर प्रदेश में नियंत्रण पाया जा चुका है। उन्होंने तीन वर्षीय बच्चे वैदिक से गुब्बारा उड़वाकर व स्वयं हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से वर्ष 2017 से वर्ष में तीन बार डेंगू, मलेरिया, इंसेफ्लाइटिस, कालाजार, चिकनगुनिया जैसे संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा। छह वर्षों के दौरान इसके बहुत अच्छे परिणाम आए हैं। आज इस प्रदेशव्यापी अभियान का शुभारंभ किया गया। इस विशेष अभियान में पहले 15 दिन का कार्यक्रम जनजागरण के साथ अंतरविभागीय जिम्मेदारी का निर्वहन करने के लिए है। 16 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान के अंतर्गत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर रोगियों को चिह्नित कर उनके समुचित उपचार की व्यवस्था कराएंगी। अन्य राज्यों में डेंगू कहर ढा रहा है, यहां संचारी रोग नियंत्रण अभियान की वजह से वह नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का सबसे बड़ा प्रदेश है। इस प्रदेश के अंदर पूर्वी अंचल इंसेफ्लाइटिस से प्रभावित था। 2017 के पहले स्थिति थी कि इस मौसम में पांच-छह सौ बच्चे इस मेडिकल कालेज में हर समय भर्ती रहते थे। प्रतिवर्ष पूरे प्रदेश में 12 से 15 सौ बच्चों की मौत होती थी। इस मेडिकल कॉलेज में पांच-छह सौ बच्चे मर जाते थे। बरेली, बदायूं में मलेरिया, बुंदेलखंड में चिकनगुनिया, फिरोजाबाद से वाराणसी तक डेंगू व वाराणसी से कुशीनगर तक कालाजार का प्रकोप था। अंतर्विभागीय समन्वय से इस पर नियंत्रण किया गया। सरकार ठान ले और सभी लोग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तो असाध्य रोगों पर भी नियंत्रण पाया जा सकता है। इंसेफ्लाइटिस का उदाहरण है। उन्होंने बीमारियों से बचने के लिए स्वच्छता पर जोर दिया। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसके लिए स्वच्छांजलि कार्यक्रम चलाया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा व एएनएम को सम्मानित किया। दो टीबी रोगियों को गोद लिया और लोगों से भी टीबी रोगियों को गोद लेने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन व गर्भवती की गोदभराई भी की।

RO No. 13467/11