
नईदिल्ली, २१ फरवरी
राजधानी दिल्ली में भाजपा सरकार ने आज यानी शुक्रवार को एक बड़ा फैसला लिया है। नई सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और मंत्रियों के व्यक्तिगत स्टाफ की सेवाएं खत्म दी है। इतना ही नहीं पूर्व सरकारों ने जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्ति किया था, अब उनको तुरंत अपने मूल विभागों में रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है। जानकारी के अनुसार सीएम बनते ही रेखा गुप्ता एक्शन मोड में आ गई हैं। भाजपा ने दिल्ली में खराब सडक़ों से लेकर स्वास्थ्य, यमुना की सफाई तक अपने वादों पर काम करना शुरू कर दिया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को समर्थकों से मुलाकात के दौरान आभार व्यक्त किया और कहा कि दिल्ली सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दे दी गई, जिसे आम आदमी पार्टी सरकार ने रोक दिया था। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से बातचीत भी की। आज सुबह शालीमार बाग स्थित उनके आवास के बाहर बड़ी संख्या में लोग उन्हें बधाई देने के लिए एकत्र हुए। लोग उन्हें बधाई देने के लिए माला और फूलों के गुलदस्ते लेकर आए।
मीडिया से बात करते हुए दिल्ली के नए सीएम ने कहा, कल कैबिनेट की बैठक में हमने आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी, जिसे आप ने रोक दिया था। यह योजना जल्द ही सार्वजनिक होगी। आज हमने कैबिनेट के साथ बैठक के लिए पीडब्ल्यूडी और जल बोर्ड के अधिकारियों को बुलाया है। हम सडक़ों में गड्ढों के मुद्दे को गंभीरता से उठाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज दोपहर में राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी। इसके बाद सीएम रेखा गुप्ता शाम में पीएम मोदी से भी मुलाकात करेंगी।