
कोरबा। एसपी जितेंद्र शुक्ला के द्वारा चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर जारी किये गए आदेश के परिपालन में पूरे जिले में लगातार छोटे-बड़े वाहनों के चालकों की गतिविधि उनके परिचय पत्र समेत कागजात के साथ ही वाहनों की डिक्की में चुनाव प्रभावित करने वाले आपत्तिजनक सामानों का आवागमन एक स्थान से दूसरे स्थान पर किये जाने पर रोक लगाने के लिए चलाए गए गत रात्रि विशेष अभियान में जिले में नवपदस्थ सीएसईबी कोरबा भूषण एक्का एवं शहर कोतवाल रूपक शर्मा मातहतों के साथ सुनालिया चौक में डटे रहे।
इस दौरान इन दोनों अधिकारियों ने अपने मातहतों के साथ आने-जाने वाले वाहनों को रूकवाकर उनके चालकों से तथा उसमें सवार लोगों की गतिविधियों की जांच करने के अलावा वाहनों की डिक्की को खंगलवाकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान उनके द्वारा छोटे-बड़े दोपहिया एवं चारपहिया लगभग एक दर्जन वाहनों पर एमव्ही एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए बतौर समंस 3000 रुपए का जुर्माना किया गया। इन दोनों अधिकारियों के निर्देशन में ही शहर के रानीरोड निवासी शफीक खान उम्र 29 पिता असलम खान के अब तक के विभिन्न अपराधिक मामलों में शामिल होने तथा आगे अन्य अपराधों को अंजाम दिए जाने की संभावना को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध गुंडा एक्ट की धारा 110 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे रिमांड पर आज कोरबा न्यायालय भेज दिया। उपरोक्त कार्रवाई में टीआई के नेतृत्व में एएसआई द्वय अजय सिंह ठाकुर, टंकेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक ललित खरसन, आरक्षक चंद्रकांत गुप्ता, सुनील सिंह राजपूत, श्याम सिदार, नवरतन सिदार व अन्य स्टाफ शामिल रहे।



















