
कोरबा। परमावतार भगवान श्री कृष्ण के जन्म का पर्व जन्माष्टमी रोहिणी नक्षत्र में भाद्रपद मास की अष्टमी को सोमवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। कोरबा नगर के साथ-साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इस पर को मनाने के लिए तैयारी की जा रही है। सुबह से देर रात्रि तक हर तरफ आयोजन की धूम रहेगी।
जन्माष्टमी उत्सव को खास बनाने के लिए सभी क्षेत्रों में आवश्यक तैयारी की गई है। सुबह लड्डू गोपाल की पूजा अर्चना और अभिषेक के कार्यक्रम होंगे। इसके बाद भजन कीर्तन का सिलसिला शुरू होगा। दोपहर 1:00 बजे से खिचड़ी भोग के वितरण की व्यवस्था की गई है। जन्माष्टमी उत्सव के लिए सभी मंदिरों में आकर्षक सजावट की गई है और भगवान के जन्मोत्सव की खुशियों को शेयर करने के लिए कई आयाम पर काम किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि भाद्रपद मास में भगवान श्री कृष्ण का अवतार ब्रजमंडल की धरती पर हुआ था और उन्होंने धर्म की रक्षा के लिए असुरों का संहार किया इसलिए यह पर्व हमारे लिए विशेष मायने रखता है। कोरबा के सीतामढ़ी स्थित सपतदेव मंदिर में जन्माष्टमी उत्सव को लेकर बेहद अच्छी व्यवस्था की गई है।
शारदा विहार राधा कृष्ण मंदिर में भी जन्माष्टमी पर कार्यक्रम हो रहा है। आयोजक ने बताया कि सुबह 7 से भगवान के अभिषेक की प्रक्रिया शुरू होगी और इसके बाद भजन कीर्तन किया जाएगा। दोपहर में खिचड़ी भोग का वितरण करने के बाद दोपहर 3:00 से दही हांडी प्रतियोगिता की जाएगी। बच्चों के लिए राधा कृष्ण बनो प्रतियोगिता भी यहां पर संपन्न कराई जाएगी। रात्रि 11 बजे से भगवान का विशेष अभिषेक शुरू होगा और मध्य रात्रि 12 बजे जन्मोत्सव संपन्न होगा।
एनटीपीसी प्रगति नगर स्थित सर्वेश्वर मंदिर के अलावा एचटीपीएस कॉलोनी विद्युत नगर के राधा कृष्ण मंदिर में भी जन्माष्टमी पर उत्सव का आयोजन किया गया है। कोरबा शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी जन्माष्टमी उत्सव को मनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
पुलिस पार्टी करेगी पेट्रोलिंग
पुलिस की ओर से बताया गया कि कोरबा में भीड़भाड़ वाली जगह पर व्यवस्था को बेहतर बना रखने के लिए आवश्यक संख्या में बल डेप्लॉय किया जाएगा। भीड़भाड़ पर नियंत्रण रखने के साथ अराजक तत्व पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस पार्टियों को संबंधित क्षेत्र में पेट्रोलिंग करने के लिए निर्देशित किया गया है।
यहां मटका फोडऩे पर मिलेगा 1 लाख इनाम
दीपका नगर पालिका क्षेत्र दीपका के प्रगति नगर में पिछले 24 वर्षों से लगातार मटका फोड़ महोत्सव का आयोजन सफलता पूर्वक होता रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर 26 अगस्त सोमवार को संध्या 6 बजे से राधा-कृष्ण मैदान में महा मटका फोड़ आयोजन किया गया है, जिसमें अंचल से आने वाले सभी पिरामिड मटका फोड़ टोली के प्रतियोगी भाग लेंगे। मटका फोडऩे वाली टीम विजेता बनेगी, जिसे 1 लाख रूपये की नगद राशि से पुरस्कृत किया जायेगा। इसी तरह इस महोत्सव में भाग लेने वाले सभी प्रतियोगियों को भी पारितोषीक प्रदान किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि प्रगतिनगर का यह महोत्सव काफी आकर्षक भरा रहता है। जिसमें आसपास के तमाम जनमानस महिला-पुरूष, युवक-युवतियां बढ़चढक़र हिस्सा लेते है एवं भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का भरपूर आनंद उठाते है। आयोजक मंडल ने सभी नगर वासियों से निवेदन है किया है कि 26 अगस्त को आयोजित इस महोत्सव में बढ़चढक़र हिस्सा ले एवं भगवान श्री कृष्ण से आशिर्वाद प्राप्त कर आनंद उठावें। महोत्सव में अतिथि आसंदी में जहां क्षेत्र के प्रशासनीक एवं एसईसीएल के अधिकारी शामिल होंगे। वहीं राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी अपनी उपस्थिति दर्ज करायेंगे।