
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर, सीतापुर व लुंड्रा विधानसभा के लिए कल 17 नवंबर 2023 को मतदान होगा। गुरुवार शाम तक सभी मतदान केंद्रों में मतदान दल पहुंच जाएंगे। अंबिकापुर के पालीटेक्निक कालेज मैदान से मतदान सामग्रियों का वितरण किया जाएगा। मतदान दलों में शामिल अधिकारी-कर्मचारी गुरुवार सुबह छह बजे से मतदान सामग्री प्राप्त करेंगे। मतदान दलों के लिए वाहनों की व्यवस्था कर ली गई है। पालीटेक्निक कालेज को ही मतदान सामग्री वितरण, संग्रहण केंद्र बनाया गया है। यहां स्ट्रांग रूम भी बनाया गया है।
विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के दूसरे चरण के मतदान के अंतर्गत सरगुजा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 17 नवंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिले में नियुक्त सामान्य, पुलिस एवं व्यय प्रेक्षक के साथ-साथ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार के द्वारा निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है जिससे जिले में विधानसभा आम निर्वाचन का कार्य स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से निर्बाध रूप से संपन्न हो सके। कलेक्टर कुन्दन ने बुधवार को स्वयं पालीटेक्निक कालेज पहुंचकर सारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन में संलग्न मतदान सामग्री वितरण टीम एवं सभी मतदान कर्मियों को शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने शुभकामनाएं दीं। सभी मतदान कर्मियों को सुबह छह बजे शासकीय पालीटेक्निक कालेज अंबिकापुर में मतदान सामग्रियों की प्राप्ति हेतु अनिवार्य रूप से पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर कुंदन कुमार ने कर्मचारियों को स्वस्थ माहौल में कार्य करने उत्साहित किया है।पालीटेक्निक कालेज में सभी विधानसभा के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। कर्मचारियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसे देखते हुए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। सभी काउंटरों में पहुंचने, सामग्री मिलान के लिए भी सारा प्रबंध किया गया है। सरगुजा जिले में कुल छह लाख 51 हजार 353 मतदाता है, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या तीन लाख 29 हजार 267 है तथा पुरूष मतदाताओं की संख्या तीन लाख 22 हजार 69 है। जिले के 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों का वेबकास्टिंग किया जाएगा। इसके अलावा जिले के प्रत्येक विधानसभा के 10-10 सहित कुल 30 संगवारी मतदान केंद्रों का प्रबंधन महिला मतदान कर्मियों के द्वारा किया जाएगा। इसी तरह जिले के प्रत्येक विधानसभा के एक – एक मतदान केंद्रों का प्रबंधन दिव्यांग मतदान कर्मियों तथा युवा मतदान कर्मियों के द्वारा किया जाएगा। जिले में मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। जिले में कुल 786 मतदान केंद्र है।























