
नगरकुरनूल। तेलंगाना सुरंग हादसे में एक सप्ताह से चल रहे बचाव अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। आबकारी मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव ने कहा है कि फंसे हुए कुल आठ लोगों में से चार के ठिकाने का पता लगा लिया गया है, लेकिन उनके बचने की आशंका एक फीसदी है। कृष्ण राव ने सिंचाई मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी और बचाव अभियान में शामिल अधिकारियों के साथ एक बैठक की। इसके बाद उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में काफी प्रगति हुई है।उन्होंने कहा, ”मेरे विचार से, रडार के माध्यम से चार व्यक्तियों का पता लगा लिया गया है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि रविवार शाम तक उन्हें बाहर निकाल लिया जाएगा। अन्य चार लोग टनेल बोरिंग मशीन (टीबीएम) के नीचे फंसे हुए प्रतीत होते हैं।
जिन चार लोगों का पता लगाया गया है, उनकी स्थिति के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने याद दिलाया कि उन्होंने पहले दिन ही कहा था कि उनके बचने की संभावना बहुत कम है। उन्होंने कहा कि 450 फीट लंबी बोरिंग मशीन को काटा जा रहा है। इस बचाव अभियान में 11 एजेंसियों के कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक वैभव गायकवाड़ ने कहा कि बचाव कार्य जोरों पर है। फंसे हुए लोगों तक पहुंचने के लिए रास्ता बनाने हेतु टीबीएम को काटा जा रहा है। शनिवार सुबह एक टीम सुरंग के अंदर गई..पानी निकालने और मलबा हटाने की प्रक्रिया भी साथ-साथ चल रही है। जो भी बाधाएं आ रही हैं, हमें उन्हें हटाना ही होगा।
फंसे हुए श्रमिकों के परिवार के सदस्य उनकी स्थिति को लेकर आशंकित हैं। वे अपने स्वजनों की सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं। फंसे हुए श्रमिकों में से एक गुरप्रीत सिंह के रिश्तेदारों ने दावा किया कि उन्हें बचाव दल की ओर से कोई अपडेट नहीं मिला है। एक अन्य रिश्तेदार ने कहा कि उसने अधिकारियों से आग्रह किया था कि उसे सुरंग में प्रवेश करने की अनुमति दी जाए, लेकिन उसका अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया।


































