
नईदिल्ली, २९ नवंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड में एक निर्माणाधीन सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को बचाने के सफल अभियान की सराहना की और कहा कि मिशन में शामिल सभी लोगों ने मानवता और एक दल के रूप में काम करने का अद्भुत उदाहरण पेश किया है। मोदी ने यह भी कहा कि विभिन्न एजेंसियों के इस बचाव अभियान ने सभी को भावुक कर दिया है। उत्तरकाशी में सिल्क्यारा सुरंग से श्रमिकों को बाहर निकाले जाने के तुरंत बाद ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने अभियान में शामिल लोगों के जज्बे को सलाम किया और कहा कि उनके साहस एवं संकल्प ने 41 मजदूरों को नया जीवन दिया है। उन्होंने कहा, मिशन में शामिल सभी लोगों ने मानवता और टीम वर्क का एक अद्भुत उदाहरण पेश किया है। मोदी ने बचाए गए 41 श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके साहस और धैर्य ने सभी को प्रेरित किया है। मोदी ने उनके अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की। प्रधानमंत्री ने कहा, यह बहुत संतुष्टि की बात है कि हमारे ये मित्र लंबे इंतजार के बाद अपने प्रियजनों से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों के धैर्य और साहस की जितनी प्रशंसा की जाए कम है। बचावकर्मियों ने मंगलवार शाम को उन सभी 41 श्रमिकों को बाहर निकाल लिया, जो 12 नवंबर को भूस्खलन के कारण केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी चार धाम परियोजना में शामिल सिल्कयारा सुरंग का एक हिस्सा ढह जाने के बाद उसमें फंस गए थे। वहीं मुर्मू ने कहा कि राष्ट्र श्रमिकों की सहनशक्ति को सलाम करता है और बड़े व्यक्तिगत जोखिम के बावजूद महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए उनका आभारी है। उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, मैं उन टीमों और सभी विशेषज्ञों को बधाई देती हूं जिन्होंने इतिहास के सबसे कठिन बचाव अभियानों में से एक को पूरा करने के लिए अविश्वसनीय धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ काम किया है। श्रमिकों को सुरंग से बाहर निकाले जाने के तुरंत बाद, मोदी ने अभियान में शामिल लोगों की भावना को सलाम किया और कहा कि उनके साहस व संकल्प ने श्रमिकों एक नया जीवन दिया है। मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ”मैं इस बचाव अभियान से जुड़े सभी लोगों के जज्बे को भी सलाम करता हूं। उनकी बहादुरी और संकल्प-शक्ति ने हमारे श्रमिक भाइयों को नया जीवन दिया है। इस मिशन में शामिल हर किसी ने मानवता और टीम वर्क की एक अद्भुत मिसाल कायम की है।” उन्होंने कहा, ”टनल (सुरंग) में जो साथी फंसे हुए थे, उनसे मैं कहना चाहता हूं कि आपका साहस और धैर्य हर किसी को प्रेरित कर रहा है। मैं आप सभी की कुशलता और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।” मोदी ने कहा कि उत्तरकाशी में हमारे श्रमिक भाइयों के बचाव अभियान की सफलता हर किसी को भावुक कर देने वाली है। उन्होंने लिखा, ”यह अत्यंत संतोष की बात है कि लंबे इंतजार के बाद अब हमारे ये साथी अपने प्रियजनों से मिलेंगे। इन सभी के परिजनों ने भी इस चुनौतीपूर्ण समय में जिस संयम और साहस का परिचय दिया है, उसकी जितनी भी सराहना की जाए वो कम है।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह देश के लिए बहुत अच्छी खबर है और वह इतने लंबे समय तक ऐसी चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना करने वाले श्रमिकों के धैर्य को सलाम करते हैं। उन्होंने श्रमिकों की जान बचाने के लिए अथक प्रयास करने वाले सभी लोगों और एजेंसियों के प्रतिआभार व्यक्त किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बचाव प्रयासों के दौरान निरंतर सहायता प्रदान करने के लिए मोदी को धन्यवाद देते हुए किसी भी श्रमिक की हालत गंभीर नहीं है, लेकिन घर भेजे जाने से पहले उन सभी को चिकित्सा निगरानी में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि निकासी सबसे कम उम्र के श्रमिकों से शुरू हुई। उन्होंने कहा कि वे सभी तंदरुस्त हैं और अपने आप रेंगते हुए मार्ग से बाहर निकले। धामी ने यह भी कहा कि बचाए गए प्रत्येक श्रमिक को 1-1 लाख रुपये दिए जाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रमिकों की जान बचाने में अपना अमूल्य योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, उत्तराखण्ड स्थित सिलक्यारा टनल में फंसे सभी श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी जी के नेतृत्व में संचालित बचाव अभियान की सफलता पर सभी को बधाई एवं उत्तराखण्ड सरकार का अभिनंदन! श्रमिक भाइयों की प्राण रक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले हर व्यक्ति का धन्यवाद! असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने एक्स पर लिखा, सिल्कयारा में सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को बचाने का अभियान सफलतापूर्वक समाप्त हो गया, जिसके साथ ही भारत ने राहत की सांस ली। पिछले 17 दिनों से पूरा देश उनकी सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहा था। श्रमिकों ने उल्लेखनीय सहनशक्ति और साहस दिखाया।























