कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर स्टेडियम रोड स्थित सुलभ इंटरनेशनल परिसर में एक कर्मचारी का शव रक्तरंजित स्थिति में मिला है। चोट के निशान से कहानी उलझी हुई है। मामला हत्या का है या यहां कोई हादसा हुआ है, पुलिस इन दोनों बिंदुओं के आधार पर जांच करने जुटी है। फिलहाल उसने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत मर्ग कायम किया है।
सिविल लाइन थाना के सीएसईबी चौकी अंतर्गत यह घटना हुई। यहां पर सुलभ शौचालय संचालित है जहां केयर टेकर प्रमोद सिंह सेवा दे रहा था। 49 वर्षीय प्रमोद का शव आज सुबह उन लोगों ने यहां देखा जो प्रसाधन सेवा के लिए पहुंचे थे। केयर टेकर को मृत और लहूलुहान स्थिति में देखे जाने पर उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। कुछ ही देर में यहां लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस की टीम यहां पहुंची जिसने मुआयना करने के साथ कुछ लोगों से प्रारंभिक जानकारी हासिल की। मृतक के सिर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं जिससे आशंका जताई जा रही है कि मामला हत्या का हो सकता है लेकिन अभी इस बारे में स्पष्ट राय नहीं बनाई जा सकी है। मौत का वास्तविक कारण क्या है, यह जानने के लिए शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है ताकि वास्तविक चीजें सामने आ सके। बताया गया कि मृतक बिहार का निवासी था और काफी समय से यहां कामकाज कर रहा था। परिजनों को घटना से अवगत करा दिया गया है।