
सूरत। गुजरात के सूरत शहर में गणपति उत्सव के दौरान तनाव फैल गया। दरअसल, बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने कथित रूप से एक पंडाल में पथराव किया। इस वजह से भगवान गणेश की मूर्ति को नुकसान पहुंचा। रविवार देर रात सैयदपुरा में हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने कुछ नाबालिगों को हिरासत में लिया। इसके बाद करीब 300 लोगों ने लालगेट थाने का घेराव किया। उन्होंने अपने समुदाय के लोगों के खिलाफ कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान हालात बेकाबू हो गए। आइए जानते हैं विस्तार से… पुलिस के मुताबिक, एक ऑटोरिक्शा में सवार कुछ उपद्रवियों ने गणेश पंडाल में पत्थर फेंके। इससे मूर्ति खंडित हो गई। पुलिस ने इस सिलसिले में कुछ नाबालिगों को हिरासत में लिया। उन्हें लालगेट थाने लाया गया। सूरत के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि जब भीड़ ने अपने समुदाय के लोगों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में थाने का घेराव किया तो दो समूहों ने एक दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक पुलिस के वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। हालात बेकाबू होता देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले छोड़े। उन्होंने कहा कि हमारे पास सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग हैं। इससे सभी की पहचान कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।