नईदिल्ली, 02 सितम्बर ।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने आज दोपहर 11 बजकर 50 मिनट पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित अंतरिक्ष केंद्र से भारत के पहले सूर्य मिशन आदित्य-एल1 को लॉन्च किया। भारत के इस पहले सौर मिशन से इसरो सूर्य का अध्ययन करेगा। इसरो के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल-1 को अंतरिक्ष में लैग्रेंज प्वाइंट यानी एल-1 कक्षा में स्थापित किया जाएगा। इसके बाद यह ये सैटेलाइट सूर्य पर होने वाली गतिविधियों का 24 घंटे अध्ययन करेगा। एल-1 सैटेलाइट को पृथ्वी से 15 लाख किलोमीटर दूर स्थापित किया जाएगा। आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला है। सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) शार, श्रीहरिकोटा आए लोगों में से एक ने कहा कि हम आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग को देखने के लिए मुंबई से आए हैं। यह हमारे लिए एक अविस्मरणीय पल है। यह एक अद्भुत एहसास है कि हम नासा और अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों को प्रतिस्पर्धा दे रहे हैं। हम वास्तव में उत्साहित हैं। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से आज सुबह 11 बजकर 50 मिनट पर इसरो ने भारत के पहले सोलर मिशन आदित्य एल-1 को लॉन्च किया। इस मौके पर आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग को देख रही भीड़ ने भारत माता की जय के नारे लगाए।