
नईदिल्ली, २3 सितम्बर ।
हरियाणा विधानसभा चुनाव अभियान के चरम पर पहुंचने के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से अंदरूनी खींचतान के कारण पार्टी की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा की नाराजगी सामने आने के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने तत्काल मामले को संभालने की पहल शुरू कर दी है।हाईकमान ने चुनाव अभियान की कमान संभाल रहे हुड्डा को स्पष्ट संदेश दिया है कि अन्य वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी उनकी है और सैलजा सरीखे नेताओं की चुनाव में अनदेखी नहीं की जा सकती।
पार्टी नेतृत्व ने अपने स्तर पर भी सैलजा की शिकायतें दूर करने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। अब नजरें सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अंबाला में होने वाली रैली में पर हैं जिसमें सैलजा के शामिल होने की उम्मीद की जा रही है। सिरसा से लोकसभा सदस्य सैलजा का अंबाला गृह है और यदि इस समय वह कांग्रेस अध्यक्ष की रैली में शामिल नहीं हुईं तो चुनाव में इसका नकारात्मक संदेश जाएगा। अंबाला के अलावा खरगे की सोमवार को घरौंदा में दूसरी रैली है।


























