
कोरबा। चैत्र नवरात्र पर आज पांचवें दिन देवी के स्कंदमाता स्वरूप की पूजा अर्चना की गई। विधान के अंतर्गत उन्हें नैवद्य अर्पित किये गए। भक्तों ने अनुष्ठान में हिस्सा लिया। कोरबा नगर, उपनगरीय क्षेत्र और अंचल के देवालयों में भक्तों का समूह पूजा करने के लिए उपस्थित हुआ। आज से नवमी तक मंदिरों में भक्तों की भीड़ में क्रमिक बढ़ोत्तरी होने की संभावना जताई जा रही है। इस बात को ध्यान में रखते हुए मौके पर धूप से बचने के लिए छाया और पानी की व्यवस्था भी समितियां कर रही है। भीड़भाड़ में चोरी-चकारी और झपटमारी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा की व्यवस्था भी कर रखी है।
























