
बतौली। शनिवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग 43 में बतौली पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सामने जा रही स्कूटी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मोटरसाइकिल में एक महिला सहित तीन लोग सवार थे। जमीन पर गिरने से आई गंभीर चोट के कारण मोटरसाइकिल चला रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई को गंभीर चोट आई है। उसे प्रारंभिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग में लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा। शनिवार दोपहर कालीपुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल में तीन ग्रामीण अपने गृह ग्राम बगीचा जा रहे थे। तेज गति से वाहन चलाने के दौरान आगे जा रहे स्कूटी से उनकी टक्कर हो गई और इसी दौरान गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और मोटरसाइकिल सवार वहीं पर गिर पड़े। बाइक चला रहे देवधारी 25 वर्ष पिता सेतु नागेसिया निवासी सोनगेरसा बगीचा की मौके पर ही मौत हो गई । उसके पीछे बैठे भाई प्रभु नगेसिया निवासी डम्हाटोली बगीचा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी बहन 40 वर्षीय सरजो की हालत सामान्य बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल प्रभु नगेसिया को पुलिस टीम ने तत्काल जिला मेडिकल कालेज अस्पताल भेजन की व्यवस्था की । टक्कर लगने के बाद स्कूटी सवार दोनों युवक बाल-बाल बचे। बताया जा रहा है कि वे नदी के पास पूजन सामग्री विसर्जन के बाद वापस घर जा रहे थे। पुलिस ने मृतक देवधारी के शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।के बाद उसके स्वजन को सौंप दिया है। थाना प्रभारी चंद्र प्रताप तिवारी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार काफी तेज गति में थे और इसी वजह से संतुलन बिगड़ा और दुर्घटना का शिकार हो गए । बतौली क्षेत्र में तेज रफ्तार की वजह से काफी दुर्घटना हो रही है । राष्ट्रीय राजमार्ग 43 के नए सिरे से बनने के बाद रोजाना कोई न कोई दुर्घटना हो रही है । तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवारों पर लगाम नहीं लगाया गया तो इस तरह की दुर्घटना होती रहेगी।


























