
जिला स्तरीय समारोह में सांसद ने किया ध्वजारोहण
कोरबा। स्वाधीन भारत की ७६वीं वर्षगांठ का स्वतंत्रता पर्व कोटा जिले में अत्यंत धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। जिले का कोना-कोना आज स्वाधीनता के रंगों से सराबोर नजर आया। जिला मुख्यालय के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कोरबा कोरिया लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। जिला प्रशासन के द्वारा आयोजित किए गए इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ प्रात: ९:०० हुआ। मुख्य अतिथि के आगमन के तुरंत बाद सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में ध्वजारोहण किया गया। उपस्थित जबसमुदाय ने राष्ट्रगान को स्वर दिया। शांति के प्रतीक कबूतरों को खुले आकाश में छोडऩे के बाद हर तरफ सुख शांति की कामना की गई। अगली कड़ी में स्वाधीनता की ७६ वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में विभिन्न प्लाटून के द्वारा परेद की गई। इसमें सीआईएसएफ, जिला पुलिस बल, एनसीसी, स्काउट गाइड, एनएसएस और छत्तीसगढ़ होमगार्ड के जवान शामिल हुए। मुख्य अतिथि के द्वारा परेड का निरीक्षण करने के साथ सलामी ली गई। उन्होंने सभी प्लाटून कमांडर से परिचय प्राप्त किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि के द्वारा प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त की गई उपलब्धियों की चर्चा की गई। बताया गया कि किन-किन क्षेत्रों में काम किए गए और कौन-कौन सी चुनौतियां के स्तर को कम करने में सफलता प्राप्त की गई। सरकार की योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ प्राथमिकताओं की जानकारी भी इस संदेश में शामिल की गई जिसे जनता की जानकारी में लाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सामान्य प्रस्तुतियां दी गई। इस अवसर पर कोरबा जिले के स्वाधीनता सेनानियों के परिजनों के साथ-साथ नक्सल मोर्चे पर शहीद हुए सैनिकों के परिजनों का सम्मान शॉल और श्रीफल भेंट कर किया गया। इन सभी को आश्वस्त किया गया कि उनके सुख दुख में सरकार के अधिकारी साथ होंगे। कार्यक्रम के समापन के दौरान पीटी परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के अलावा शासकीय और गैर शासकीय क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय सेवाओं को प्रदान करने के लिए संबंधित लोगों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में महापौर नगर निगम राजकिशोर प्रसाद, कलेक्टर सौरभ कुमार, पुलिस अधीक्षक उदय किरण, सीईओ जिला पंचायत विश्वदीप सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।





























