
अकलतरा । पेंशनधारी कल्याण संघ के संस्थापक प्रांताध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्व. जगत सिंह बैस के तृतीय पुण्यतिथि अवसर पर नगर के बलौदा रोड में मां मनका मंदिर के पास स्थित पेंशनर भवन में स्थापित स्व. जगत सिंह बैस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
पेंशनधारी कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष डीपी मनहर ने कहा कि स्व. जगत सिंह बैस ने कर्मचारी, पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार के लिए आजीवन संघर्ष किया।
सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने पेंशनरों को संगठित कर उनके हक की लड़ाई लड़ी एवं वरिष्ठ नागरिकों को शासकीय एवं सार्वजनिक स्थानों पर मिलने वाली सुविधाओं के लिए संघर्ष किया। रेल संघर्ष समिति के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने कहा कि स्व. बैस ने न केवल कर्मचारी, पेंशनर व वरिष्ठ नागरिकों के लिए संघर्ष किया बल्कि नगर मे रेल सुविधाओं सहित अन्य प्रमुख समस्याओं को लेकर हुए आंदोलनों में उनकी सक्रिय भागीदारी होती थी। पेंशनधारी कल्याण संघ के प्रांतीय महासचिव रतनलाल कैवर्त, संघ के प्रांतीय अंकेक्षक बनवाली राम साहू, रामभरोस कैवर्त, भगवत लाल बंजारे, दुर्गा राव, इंद्रमन मरकाम, बी कोसरे, आरके टांडे, बलदाऊ प्रसाद जायसवाल एवं राजेंद्र गुप्ता ने भी संबोधित किया।
























