
रांची। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को रांची में आयोजित रैली में प्रधानमंत्री मोदी के बयानों को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने यहां यशस्विनी सहाय के पक्ष में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में बेरोजगारी और मंहगाई सबसे बड़ी समस्या है। उन्होंने इस संदर्भ में एचईसी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मंगलसूत्र छीनने और भैंस खोलने जैसे आरोपों पर कहा कि हंसी आती है, लेकिन यह दुख की बात है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि 10 साल में भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बना दिया गया। यह कैसे हुआ। उनके पास इतने पैसे कहां से आए? प्रियंका ने कहा कि जाग जाओ, आपकी जागरूकता ही आपकी ताकत है। उन्होंने जनता को कांग्रेस की गारंटी के बारे में भी बताया। गांधी ने कहा कि देश में 30 लाख सरकारी नौकरियां खाली हैं। कांग्रेस आएगी तो तत्काल बहाली प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को एमएसपी देने की गारंटी है। महिलाओं के खाते में हर महीने 8500 रुपये की राशि आएगी। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी।