हमास के हमले ने ईरानी नेताओं को भी चौंकाया, प्रारंभिक अमेरिकी खुफिया जानकारी में सामने आया तथ्य

वाशिंगटन, १२ अक्टूबर । अमेरिका द्वारा एकत्रित खुफिया जानकारी से पता चलता है कि फलस्तीन के इस्लामी समूह हमास द्वारा इजरायल पर किए गए अभूतपूर्व हमले से प्रमुख ईरानी नेता भी आश्चर्यचकित रह गए। ईरान के प्रमुख नेताओं को भी हमले की जानकारी नहीं थी। यह जानकारी अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से न्यूयार्क टाइम्स ने बुधवार को दी। मध्य पूर्व में तैनात एक अधिकारी के अनुसार, अमेरिका, इजरायल और क्षेत्र में अन्य सहयोगियों को हमले की योजना बनाने में ईरान द्वारा सीधी मदद करने का कोई सुबूत नहीं मिला है। हालांकि खुफिया जांच जारी है और सुबूत मिल सकते हैं कि ईरान अथवा अन्य कोई देश हमले में सीधे तौर पर शामिल थे। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि वे खुले दिमाग से पुरानी खुफिया जानकारियों की समीक्षा कर नई जानकारी जुटाने की कोशिश में हैं। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि ईरान कई वर्षों से हमास को बड़ी संख्या में हथियार और सहायता प्रदान करता आ रहा है। इससे स्पष्ट है कि ईरान हमले में किसी न किसी प्रकार से शामिल है लेकिन हमले की जानकारी और सीधे शामिल होने का मुद्दा अलग है। अमेरिका के वरिष्ठ खुफिया अधिकारी मार्गन मुइर ने मंगलवार को कांग्रेस सदस्यों को बताया था कि ईरान और हमास के हमलों में कोई सीधा संबंध नहीं है।मुइर ने सांसदों को बताया कि अमेरिकी एजेंसियों के पास इस दावे के विपरीत जानकारी थी कि ईरान ने हमले की योजना बनाने में हमास की मदद की थी। अमेरिका और उसके सहयोगी कुद्स फोर्स के नेताओं और हमास सहित उनके प्रतिनिधियों व सहयोगियों के बीच होने वाली बैठकों की नियमित निगरानी करते हैं, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इस बात का कोई सुबूत नहीं है कि बैठकें इजरायल में हमले की योजना बनाने के लिए की जा रही थीं। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान ने भी मंगलवार को कहा था कि हमले में ईरान के सीधे शामिल होने की कोई खुफिया जानकारी नहीं मिली है।

RO No. 13467/11