हमास पर इजरायल के ताबड़तोड़ हमले, युद्धविराम प्रस्ताव पर अमेरिका के वीटो के बाद तेज किया एक्शन

यरूशलेम, १० दिसम्बर । अमेरिका द्वारा संयुक्त राष्ट्र में इजरायल और हमास में युद्धविराम के प्रस्ताव पर वीटो दर्ज करने के बाद जंग एक बार फिर तेज हो गई है। इजरायल ने हमास के ठिकानों पर कई रॉकेट अटैक किए हैं। हमले के बाद गाजावासियों ने बमबारी से बचने के लिए अस्पतालों में शरण ली है। फलस्तीन के सहायता समूहों का कहना है कि गाजा एक बेहद ही खराब मानवीय स्थिति का सामना कर रहा है और बीमारी और भुखमरी से ग्रस्त होने के कगार पर है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, दो महीने की लड़ाई में कम से कम 17,700 लोग मारे गए हैं, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र के उस प्रस्ताव को वीटो कर दिया, जिसमें शुक्रवार को युद्धविराम का आह्वान किया गया था, इस कदम की फलस्तीनी प्राधिकरण और हमास के साथ-साथ मानवीय समूहों ने भी कड़ी निंदा की। दूसरी ओर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक वीडियो बयान में कहा, मैं अमेरिका द्वारा अपनाए गए सही रुख की बहुत सराहना करता हूं और हमास को खत्म करने के लिए अपना उचित युद्ध जारी रखने की कसम खाता हूं।अमेरिका के समर्थन के बाद इजरायल ने गाजा के मुख्य दक्षिणी शहर खान यूनिस से लोगों को जल्द बाहर जाने का आदेश दिया है। इजरायल ने कहा कि वो अब हमास को खत्म करने के लिए जी जान लगा देगा।राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार तजाची हानेग्बी ने कहा कि इजरायली सुरक्षा बलों ने अब तक कम से कम 7,000 हमास आतंकवादियों को मार डाला है।

RO No. 13467/10